चोबदारवाड़ी में पुष्पवर्षा कर कोरोना टीमों का किया स्वागत
शाजापुर। शहर में वृहद स्तर पर प्रारम्भ किए गए कोविड 19 सर्वे द्वितीय चरण के चौथे दिवस शनिवार को 26 टीमों द्वारा 1 हजार 967 घरों में दस्तक देकर 9 हजार 876 व्यक्तियों की जांच की गई। टीमों द्वारा अभी तक 65 हजार 281 व्यक्तियों की जांच कर सामान्य सर्दी, खांसी, जुकाम से पीड़ित पाए गए 147 व्यक्तियों को मौके पर ही उपचार तथा 335 व्यक्तियों होम क्वारेण्टाईन किया जा चुका है।
चोबदारवाड़ी में टीमों का हुआ स्वागत
वार्ड 10 स्थित चोबदारवाड़ी निवासी विश्राम परमार, लोकेश गेहलोत, रहूब खान, अय्यूब खान, राजेश परमार, असगर भाई, सुमीत परमार, असलम भाई, तरुण गेहलोत, दिलीप परमार सहित मोहल्ला वासियों ने कोविड 19 सर्वे करने पहुंचे शहरी स्वास्थ्य पर्यवेक्षक जॉय शर्मा, टीम लीडर आशा कार्यकर्ता मनोरमा सोनी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मंजू वर्मा, अनीसा खान, तस्लीम खान, आंगनवाड़ी सहायिका पुष्पा वर्मा, ललिता टेलर, नज़मा बी का पुष्पमाला, पुष्पगुच्छ देकर व पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
अभी तक 12 हजार 16 घर सर्वेक्षित
शहरी स्वास्थ्य पर्यवेक्षक जॉय शर्मा ने बताया कि सिविल सर्जन डॉ शुभम गुप्ता तथा परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग नेहा चौहान के निर्देशन में शहर के 29 वार्डों में कोविड 19 का सर्वे किया जा रहा है। शनिवार को टीमों द्वारा 1 हजार 967 घरों का सर्वे कर 9 हजार 876 व्यक्तियों की जांच की गई, जिनमें 27 व्यक्ति सामान्य सर्दी, खांसी, जुकाम से पीड़ित पाए गए, जिन्हें टीम द्वारा मौके पर ही उपचार दिया गया। 40 व्यक्ति अन्य स्थानों से शहर में आना पाए गए, जिन्हें टीम द्वारा होम क्वारेण्टाईन किया गया। श्री शर्मा ने बताया कि द्वितीय चरण में अभी तक टीमों द्वारा 12 हजार 16 घरों का सर्वे किया जाकर 65 हजार 281 व्यक्तियों की जांच की जा चुकी है। 60 वर्ष से अधिक उम्र व गंभीर बीमारी से ग्रस्त 4 हजार 974 व्यक्तियों को अभी तक चिन्हित किया गया है तथा अन्य स्थानों से शहर में आना पाए गए 335 व्यक्तियों होम क्वारेण्टाईन किया जा चुका है।




0 Comments